अंबाला में 5 नवंबर को अमित शाह करेंगे शहीद स्मारक का लोकार्पण, सैनी और विज ने परखीं तैयारियां
अंबाला छावनी में आजादी की पहली लड़ाई के शहीदों को समर्पित ऐतिहासिक शहीद स्मारक के लोकार्पण की तैयारियां तेज हो गई हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 5 नवंबर को इस स्मारक का लोकार्पण करेंगे, जिसके बाद गांधी मैदान में विशाल जनसभा का आयोजन होगा। समारोह को भव्य और यादगार बनाने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीरवार शाम ऊर्जा परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज के साथ गांधी मैदान का निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं पर चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से पूछा कि आम जनता के बैठने की क्या व्यवस्था रहेगी और वीआईपी मूवमेंट के दौरान मंच किस दिशा में सुरक्षित रहेगा। मंच के निर्माण स्थान से लेकर अचानक बारिश होने पर जलभराव से निपटने के पुख्ता इंतजामों पर भी गहन चर्चा हुई। इससे पहले मंत्री अनिल विज ने शहीद स्मारक परिसर में जिला स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं का खाका खींचा था। गांधी मैदान का निरीक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री और मंत्री अनिल विज एक ही गाड़ी से लोक निर्माण विभाग के रेस्ट हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने उच्च अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और शेष काम जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
यह स्मारक लगभग 22 एकड़ में फैला है और इसमें 22 गैलरियों के माध्यम से 1857 की क्रांति की गाथा दिखाई जाएगी। इसके निर्माण पर लगभग 800 करोड़ रुपये की लागत आई है। लोकार्पण के बाद यह स्मारक 6 नवंबर से आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। मंत्री अनिल विज के अनुसार प्रदेश के स्कूलों और शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों के भ्रमण के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम की विरासत से जोड़ा जा सके। विज ने कहा है कि अंबाला में स्वतंत्रता की पहली लड़ाई मेरठ से पहले शुरू हुई थी, और इसी इतिहास को यह स्मारक सामने लाएगा।
प्रदेश सरकार इस आयोजन को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास, शहीदों के सम्मान और नई पीढ़ी को राष्ट्रीय विरासत से जोड़ने के एक बड़े प्रयास के रूप में देख रही है। 5 नवंबर का कार्यक्रम अंबाला ही नहीं, पूरे हरियाणा के लिए ऐतिहासिक अवसर माना जा रहा है।
