छत्तीसगढ़ की महिलाओं के लिए दीपावली से पहले बड़ी सौगात आने वाली है। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त आज यानी 3 नवंबर 2026 को जारी की जाएगी। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह नवा रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के समापन समारोह के मंच से इस किस्त की राशि महिलाओं के बैंक खातों में सीधे भेजेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे।
इस चरण में कुल 67 लाख 40 हजार 410 महिलाओं को लाभ मिलेगा। उनके खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से कुल 632 करोड़ 63 लाख 67 हजार 750 रुपये की राशि अंतरित की जाएगी। योजना के तहत ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी कर चुकीं 67 लाख 33 हजार 502 महिला हितग्राहियों को इस किस्त का सीधा लाभ मिलेगा। इसके अलावा बस्तर के नियद नेल्लानार कैंप क्षेत्रों की 6 हजार 908 महिलाओं को उनकी 13वीं किस्त की राशि दी जाएगी।
महतारी वंदन योजना छत्तीसगढ़ में 1 मार्च 2024 से लागू है। इसके तहत पात्र विवाहित महिलाओं को हर महीने 1 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है, यानी साल में 12 हजार रुपये। योजना की पहली किस्त 10 मार्च 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जारी की थी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में अब तक 32 किस्तों के माध्यम से महिलाओं को कुल 20 हजार 717 करोड़ 87 लाख रुपये की सहायता दी जा चुकी है। आज की 33वीं किस्त जुड़ने के बाद यह कुल आंकड़ा बढ़कर 21 हजार 350 करोड़ 50 लाख रुपये हो जाएगा।
राज्योत्सव समारोह के मंच से होने वाला यह अंतरण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक और मजबूत कदम माना जा रहा है। हर महीने मिलने वाली यह सहायता माताओं-बहनों को अपनी छोटी-छोटी जरूरतें पूरी करने और परिवार के फैसलों में अपनी भूमिका मजबूत करने में मदद करती है। हितग्राही महिलाएं अपनी भुगतान की स्थिति और अन्य जानकारी योजना के आधिकारिक पोर्टल mahtarivandan.cgstate.gov.in तथा मोबाइल ऐप के माध्यम से देख सकती हैं।
प्रातिक्रिया दे