भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन आज बिहार और बंगाल में करेंगे लोकतंत्र बचाओ पदयात्रा
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज 2 नवंबर को दो राज्यों में लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे। यह अभियान विपक्ष की ओर से फैलाई जा रही गलत जानकारी और संगठित अराजकता के खिलाफ भाजपा के देशव्यापी अभियान का हिस्सा है। एक ही दिन में दो बड़ी पदयात्राओं का नेतृत्व करके पार्टी अध्यक्ष इस मुहिम को सड़क पर और तेज करना चाहते हैं।
पहली पदयात्रा बिहार के भागलपुर में होगी। भाजपा बिहार के अनुसार यह यात्रा सुबह 11 बजे लाजपत पार्क से शुरू होगी और दोपहर 12 बजकर 30 मिनट पर सेवा ज्योति चौक पर समाप्त होगी। इसमें प्रदेश भाजपा के नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे। भागलपुर की यात्रा के बाद नवीन कोलकाता रवाना होंगे, जहां दूसरी पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे।
कोलकाता में पदयात्रा दोपहर 3 बजे कॉलेज स्ट्रीट से शुरू होगी और शाम 5 बजकर 30 मिनट पर धर्मतला पर समाप्त होगी। भाजपा के प्रेस नोट के अनुसार इसमें प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष सहित वरिष्ठ नेता और हजारों कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे। दोनों ही यात्राओं में लोकतंत्र की रक्षा और संस्थाओं को मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा।
यह अभियान ऐसे समय चल रहा है, जब एक दिन पहले ही दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर रैली की थी। भाजपा का कहना है कि विपक्ष मतदाता सूची को लेकर भ्रामक प्रचार कर रहा है और जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है। पार्टी के अनुसार लोकतंत्र बचाओ पदयात्रा के जरिए वह जनता के बीच तथ्य रखना चाहती है और विपक्ष के प्रचार का जवाब देना चाहती है।
भाजपा ने इस अभियान को झूठ, छल और अराजकता के खिलाफ जन आंदोलन का रूप दिया है। पार्टी का कहना है कि विपक्ष हताशा में लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठा रहा है, जबकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ चल रही है। भागलपुर और कोलकाता की पदयात्राओं से पार्टी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह आने की उम्मीद है और यह अभियान आने वाले दिनों में अन्य राज्यों में भी जारी रहेगा।
