सोनीपत आईएमटी खरखौदा को 103 करोड़ की सौगात, 57 एमएलडी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का 55 प्रतिशत काम पूरा
सोनीपत के औद्योगिक मॉडल टाउनशिप खरखौदा में पानी की स्थायी व्यवस्था के लिए बड़ी परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है। यहां 103 करोड़ रुपये की लागत से 57 मिलियन लीटर प्रतिदिन क्षमता का वाटर ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया जा रहा है। इस परियोजना का 55 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जिससे औद्योगिक क्षेत्र में पानी की आपूर्ति को लेकर लंबे समय से चल रही चिंता दूर होने की उम्मीद है।
हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं बुनियादी ढांचा विकास निगम की इस परियोजना में करीब 84 करोड़ रुपये वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण पर खर्च किए जाएंगे। वहीं शेष 19.25 करोड़ रुपये अगले 10 वर्षों तक जलापूर्ति व्यवस्था के संचालन और रखरखाव के लिए निर्धारित किए गए हैं। प्लांट के साथ पानी के भंडारण और वितरण की व्यवस्थाएं भी विकसित की जाएंगी, ताकि औद्योगिक इकाइयों को नियमित रूप से पानी उपलब्ध कराया जा सके।
आईएमटी खरखौदा में पानी की आपूर्ति के लिए अब गुरुग्राम माइनर के स्थान पर पश्चिमी यमुना लिंक नहर से कच्चा पानी लाने की योजना है। इसके लिए करीब 27 क्यूसिक पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी और नहर से आईएमटी तक पानी पहुंचाने के लिए केएमपी एक्सप्रेसवे के समानांतर पाइप लाइन बिछाई जाएगी। आईएमटी में मारुति सहित कई बड़ी औद्योगिक परियोजनाओं के आने और मौजूदा इकाइयों के विस्तार से पानी की मांग बढ़ने की संभावना है, इसलिए यह परियोजना भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है।
अधिकारियों के अनुसार इस व्यवस्था से आईएमटी में स्थापित और प्रस्तावित औद्योगिक इकाइयों को नियमित रूप से स्वच्छ पानी मिलेगा, जिससे उत्पादन और विस्तार की योजनाओं को गति मिलेगी। औद्योगिक विकास के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी खुलने की उम्मीद है। खरखौदा को प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में गिना जा रहा है, और पानी की यह स्थायी व्यवस्था उसके विकास की एक अहम कड़ी साबित होगी।
