यमुनानगर/जगाधरी। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने एक बार फिर अपने सख्त और बेबाक अंदाज से अधिकारियों को जवाबदेह बनने का संदेश दिया।
शुक्रवार को जगाधरी स्थित अग्रसेन कॉलेज में आयोजित जिला जनसंपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में मंत्री ने जनता की शिकायतों पर गंभीरता से सुनवाई करते हुए कई अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई।बैठक में कुल 15 शिकायतों पर सुनवाई की गई, जिनमें 5 पुरानी और 10 नई शिकायतें शामिल थीं।
बिजली, नगर निगम, राजस्व, सड़क, पुलिस तथा टाउन प्लानिंग विभाग से संबंधित मामलों पर मंत्री ने अधिकारियों से विस्तार से जवाब मांगा और कई मामलों में मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी किए।बैठक के दौरान फरियादियों ने अपनी समस्याएं सीधे मंत्री अनिल विज और प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष रखीं। अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई में देरी, शिकायतकर्ताओं को बार-बार कार्यालयों के चक्कर कटवाने और विभागीय लापरवाही जैसे मुद्दे प्रमुख रूप से सामने आए।
इन शिकायतों पर नाराजगी जताते हुए अनिल विज ने अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य आम जनता को त्वरित और पारदर्शी प्रशासन उपलब्ध कराना है तथा अधिकारी जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेकर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें। बैठक के दौरान कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जिससे शिकायतकर्ताओं ने राहत की सांस ली।
