हरियाणा में 28 IPS-HPS अधिकारियों के तबादले: 6 IPS-22 HPS को नई जिम्मेदारियां, गुरुग्राम-रोहतक-पंचकूला में बदलाव
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार के गृह विभाग ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 28 IPS और HPS अधिकारियों की पोस्टिंग और तबादले के आदेश जारी कर दिए हैं। 20 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार 6 IPS और 22 HPS अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि कई अधिकारियों को अतिरिक्त कार्यभार भी दिया गया है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है और अधिकारियों को नई तैनाती पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।
आईपीएस अधिकारियों में बी. सतीश बालन को आईआरबी भोंडसी के आईजीपी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। डॉ. अंशु सिंगला को आरटीसी भोंडसी के एसपी की अतिरिक्त जिम्मेदारी मिली है। धीरज कुमार को हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एचएसएनसीबी) के एसपी का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है, जबकि मोहित हांडा को राज्यपाल के एडीसी के साथ-साथ लोकायुक्त, हरियाणा के एसपी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। सीआईडी और एटीएस के प्रभार में भी बदलाव किया गया है।
एचपीएस अधिकारियों में नूपुर बिश्नोई को एआईजी/वेलफेयर, पीएचक्यू का अतिरिक्त कार्यभार मिला है। पूजा डाबला को एसपी, एसवी एंड एसीबी की जिम्मेदारी दी गई है। अमित बेनीवाल अब डीएसपी, हिसार होंगे, जबकि इंदीवर को एसीपी, गुरुग्राम और सतीश कुमार गौतम को एसीपी, पंचकूला की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
रोहतक में ऋषिकांत को डीएसपी, रोहतक नियुक्त किया गया है, जबकि अनिल कुमार को हरियाणा महिला पुलिस बटालियन, सुनारिया (रोहतक) में तैनात किया गया है। फतेहाबाद में राजीव कुमार को डीएसपी और नारनौल में गौरव शर्मा को डीएसपी लगाया गया है। पानीपत, हिसार, जींद, चरखी दादरी और झज्जर सहित कई जिलों में भी पुलिस अधिकारियों की तैनाती में बदलाव किया गया है।
प्रशासनिक फेरबदल को कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने तथा रिक्त पदों पर अधिकारियों की तैनाती की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। सैनी सरकार के कार्यकाल में समय-समय पर इस तरह के प्रशासनिक बदलाव किए जाते रहे हैं।
