हरियाणा कैबिनेट बैठक 3 नवंबर को, गुजरात दौरे के 25 हजार करोड़ के निवेश प्रस्तावों पर होगी चर्चा
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में 3 नवंबर को राज्य सचिवालय में मंत्रिमंडल की अहम बैठक होगी। यह बैठक सुबह 11 बजे हरियाणा सिविल सचिवालय में बुलाई गई है और इसकी सूचना मंत्रिपरिषद के सचिव अनुराग रस्तोगी की ओर से सभी प्रशासनिक सचिवों को भेज दी गई है, ताकि विभागीय प्रस्तावों को अंतिम रूप दिया जा सके। सरकार ने अभी बैठक का औपचारिक एजेंडा जारी नहीं किया है, लेकिन इसमें कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगने की संभावना जताई जा रही है।
बैठक में सबसे ज्यादा नजर मुख्यमंत्री के हालिया गुजरात दौरे के दौरान मिले निवेश प्रस्तावों पर रहेगी। दो दिवसीय गुजरात दौरे में मुख्यमंत्री ने उद्योगपतियों, निवेशकों और प्रवासी भारतीयों के साथ उच्चस्तरीय बैठकें की थीं, जिनमें प्रदेश में करीब 25 हजार करोड़ रुपये के संभावित निवेश प्रस्ताव सामने आए थे। इन प्रस्तावों को जमीन पर उतारने और प्रशासनिक प्राथमिकताओं पर बैठक में चर्चा होने की संभावना है।
गुजरात दौरे के दौरान कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में लगभग 1400 करोड़ रुपये और सेमीकंडक्टर क्षेत्र में करीब 2900 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव शामिल रहे। ये दोनों क्षेत्र हरियाणा के लिए खास अहमियत रखते हैं, क्योंकि इनसे न सिर्फ औद्योगिक विकास को गति मिलेगी बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। सरकार की कोशिश है कि निवेश प्रस्तावों को जल्द से जल्द वास्तविक परियोजनाओं में बदला जाए।
इस बैठक का समय राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों दृष्टियों से अहम माना जा रहा है, क्योंकि इसके दो दिन बाद 5 नवंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हरियाणा आ रहे हैं, जब अंबाला में 1857 के शहीद स्मारक का उद्घाटन होना है। ऐसे में कैबिनेट बैठक में विकास और निवेश से जुड़े फैसलों पर सरकार की प्राथमिकताएं साफ होंगी। बैठक के बाद जो भी प्रस्तावों को मंजूरी मिलेगी, उनसे प्रदेश के विकास की रफ्तार और तेज होने की उम्मीद है।
