हरियाणा: सरकारी स्कूलों के 1500 मेधावी छात्र मनाली में सीखेंगे पर्वतारोहण और ट्रैकिंग, सरकार उठाएगी पूरा खर्च
हरियाणा के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले मेधावी छात्रों के लिए एक खास मौका आया है। हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद ने प्रदेश के 1500 मेधावी छात्रों को हिमाचल प्रदेश के मनाली में विंटर एडवेंचर और नेचर स्टडी कैंप का अनुभव देने का फैसला लिया है। नौवीं से बारहवीं कक्षा तक के छात्र-छात्राएं इस शिविर में हिस्सा लेंगे। शिविर का पूरा खर्च हरियाणा सरकार उठाएगी, इसलिए छात्रों और उनके परिवारों पर कोई आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा।
कैंप 31 अक्टूबर से 2 दिसंबर 2026 तक पांच बैचों में आयोजित होंगे। यात्रा के दिन को छोड़कर हर बैच पांच दिन का होगा। सभी प्रतिभागियों को पंचकूला के सेक्टर-15 स्थित पीएमश्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में शाम 6 बजे रिपोर्ट करना होगा। पहले बैच में 31 अक्टूबर से 4 नवंबर तक हिसार के 116, जींद के 90 और झज्जर के 76 सहित कुल 282 छात्र और 18 शिक्षक शामिल होंगे। दूसरे बैच में 13 से 17 नवंबर तक सोनीपत, भिवानी, अंबाला और फरीदाबाद के छात्र जाएंगे।
तीसरे बैच में सिरसा, करनाल, रोहतक और कैथल के छात्र हिस्सा लेंगे, जबकि चौथे बैच में 23 से 27 नवंबर तक महेंद्रगढ़, फतेहाबाद, रेवाड़ी, चरखी दादरी और यमुनानगर के 282 छात्र शामिल होंगे। पांचवें और अंतिम बैच में 28 नवंबर से 2 दिसंबर तक नूंह, गुरुग्राम, पानीपत, कुरुक्षेत्र, पलवल और पंचकूला के छात्र भाग लेंगे। छात्रों का चयन स्कूल प्रमुख की अनुशंसा और जिला परियोजना समन्वयक के सत्यापन के आधार पर होगा। माता-पिता की सहमति और मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र अनिवार्य रखा गया है।
शिविर के दौरान छात्रों को ट्रैकिंग, रॉक क्लाइंबिंग, रैपलिंग और ऑब्स्टेकल क्रॉसिंग जैसी साहसिक गतिविधियां सिखाई जाएंगी। इसके साथ ही हिमालय की संस्कृति और विरासत, वनस्पतियों और जीव-जंतुओं की जानकारी, स्थानीय दर्शनीय स्थलों का भ्रमण, कैंप फायर, योग, ध्यान, व्यक्तित्व विकास और जीवन कौशल की गतिविधियां भी होंगी। परिषद के अनुसार इस तरह के शिविर छात्रों के मानसिक और शारीरिक विकास में मदद करते हैं और उनमें आत्मविश्वास बढ़ाते हैं।
इसी कार्यक्रम के तहत भिवानी जिले से 140 विद्यार्थियों का दल जैसलमेर के एडवेंचर एवं नेचर स्टडी कैंप के लिए रवाना हो चुका है। जिले के 14 पीएमश्री विद्यालयों के इन छात्रों में 96 छात्राएं और 44 छात्र शामिल हैं और यह कैंप भी 31 अक्टूबर से 4 नवंबर तक चलेगा। सरकारी स्कूलों के छात्रों के लिए इस तरह के शिविर पढ़ाई के साथ-साथ प्रकृति, संस्कृति और साहसिक गतिविधियों का अनुभव देने का माध्यम बन रहे हैं।
