Viksit Haryana

हरियाणा की ताज़ा खबरें, सरकारी योजनाएँ और विकास की हर अपडेट

विकासहरियाणा

हरियाणा दिवस पर कुरुक्षेत्र में हीरक जयंती समारोह, राष्ट्रपति मुर्मू 1 नवंबर को होंगी मुख्य अतिथि

Spread the love

हरियाणा के गठन के 60 वर्ष पूरे होने पर 1 नवंबर को कुरुक्षेत्र में राज्य स्तरीय हीरक जयंती समारोह मनाया जाएगा। इस ऐतिहासिक अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार राष्ट्रपति 31 अक्टूबर से 1 नवंबर तक महाराष्ट्र और हरियाणा के दौरे पर रहेंगी।

राष्ट्रपति मुर्मू 31 अक्टूबर को महाराष्ट्र के नासिक में सिंहस्थ महाकुंभ से जुड़े ध्वज स्तंभ पूजन, ध्वजा पूजन और ध्वजारोहण समारोह में शामिल होंगी। इसके अगले दिन वह हरियाणा के कुरुक्षेत्र पहुँचेंगी, जहाँ राज्य के गठन के 60 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित हीरक जयंती समारोह में शिरकत करेंगी। यह समारोह कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित होगा।

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय परिसर में हरियाणा की 60 वर्ष की विकास यात्रा पर आधारित एक भव्य प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इस प्रदर्शनी में कृषि, उद्योग, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्रदेश की प्रगति को दर्शाया जाएगा। साथ ही हरियाणा विजन 2047 के तहत भविष्य के हरियाणा की झलक भी प्रस्तुत की जाएगी। राष्ट्रपति प्रदर्शनी का अवलोकन करने के बाद मुख्य समारोह में नागरिकों को संबोधित करेंगी।

अपने कुरुक्षेत्र दौरे के दौरान राष्ट्रपति गुरुकुल कुरुक्षेत्र में स्वामी श्रद्धानंद जी के बलिदान की शताब्दी से जुड़े वार्षिक कार्यक्रम में भी शामिल होंगी। इसके अलावा वह सिद्ध शक्तिपीठ श्री भद्रकाली मंदिर में माता के दर्शन भी करेंगी। जिला प्रशासन के अनुसार राष्ट्रपति लगभग पाँच घंटे तक कुरुक्षेत्र में रहेंगी।

कुरुक्षेत्र के उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा है कि राष्ट्रपति का कुरुक्षेत्र आना जिला वासियों के लिए हर्ष और गौरव का विषय है। उन्होंने बताया कि हरियाणा दिवस के प्रदेश स्तरीय मुख्य समारोह की तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं और सुरक्षा व अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी तैयारियों पर नजर बनाए हुए हैं।

उल्लेखनीय है कि पानीपत में 1 नवंबर को होने वाला राष्ट्रपति का एक कार्यक्रम राष्ट्रपति भवन के पत्र से स्थगित कर दिया गया है, लेकिन कुरुक्षेत्र का हीरक जयंती समारोह अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होगा। हरियाणा के लिए यह दिन इसलिए भी खास है, क्योंकि 1 नवंबर 1966 को हरियाणा का गठन हुआ था और अब प्रदेश अपनी 60 वर्ष की विकास यात्रा का उत्सव मना रहा है।


Spread the love

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *