हरियाणा: कुरुक्षेत्र में हीरक जयंती समारोह के लिए 2000 लोगों का खाका, हर वर्ग को मिलेगा प्रतिनिधित्व
कुरुक्षेत्र। हरियाणा की विकास यात्रा, उपलब्धियों और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने के लिए प्रदेश स्तरीय हीरक जयंती समारोह की तैयारी तेज हो गई है। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में होने वाले इस समारोह के लिए जिला प्रशासन ने करीब 2000 लोगों की सहभागिता का खाका तैयार किया है। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने बताया कि इस प्रस्तावित व्यवस्था में समाज के विभिन्न वर्गों को प्रतिनिधित्व देने के साथ-साथ संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रतिभागियों के समन्वय और व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रस्तावित योजना के अनुसार विद्यार्थियों और युवाओं की श्रेणी में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, महाविद्यालयों, स्कूलों तथा एनएसएस और एनसीसी से जुड़े 400 प्रतिभागियों को शामिल किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार, जिला शिक्षा अधिकारी और उच्चतर शिक्षा विभाग के नोडल अधिकारियों को दी गई है। महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों, लखपति दीदियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा कार्यकर्ताओं में से 300 प्रतिभागियों को शामिल करने का प्रस्ताव है।
योजना में जिला परिषद, पंचायत समिति, ग्राम पंचायतों के सरपंचों और शहरी स्थानीय निकायों के पार्षदों सहित 300 निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को शामिल करने का प्रस्ताव है। इसी तरह प्रगतिशील किसानों, किसान उत्पादक संगठनों, डेयरी और पशुपालन क्षेत्र से जुड़े 200 किसानों को कार्यक्रम में शामिल किया जाएगा। आवास, स्वास्थ्य, पेंशन और बालिकाओं से जुड़ी प्रमुख सरकारी योजनाओं के 200 लाभार्थियों की भागीदारी भी प्रस्तावित है, ताकि विकास का लाभ जमीन पर महसूस करने वाले लोगों की आवाज भी इस मंच पर सुनाई दे।
खेल क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल करने वाले पदक विजेताओं, खेलो इंडिया के खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों में से 100 प्रतिभागियों को शामिल किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 100 पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और शहीदों के परिवारों के सदस्यों को आमंत्रित करने का प्रस्ताव है। उद्योग, एमएसएमई, स्टार्टअप और व्यापार जगत से जुड़े 100 लोगों के साथ प्रतिष्ठित नागरिकों और सामाजिक-धार्मिक संगठनों के 100 प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। प्रदेश की कला, साहित्य और संस्कृति को सामने लाने के लिए 50 कलाकारों, लेखकों और सांस्कृतिक हस्तियों को जगह मिलेगी, जबकि 50 डॉक्टरों, नर्सों और अग्रिम पंक्ति के स्वास्थ्यकर्मियों, 50 अधिकारी-कर्मचारियों और 50 विशिष्ट अतिथियों के लिए भी स्थान रखा गया है। इस तरह सभी वर्गों को मिलाकर कुल संख्या 2000 तक पहुंचती है।
हीरक जयंती समारोह का मकसद केवल एक कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि हरियाणा के 60 वर्षों की विकास यात्रा को जनभागीदारी की भावना के साथ सामने रखना है। जिला प्रशासन ने हर वर्ग के लिए नोडल अधिकारी तय कर दिए हैं, ताकि प्रतिभागियों के चयन, उनकी आवाजाही और बैठने की व्यवस्था में कोई कमी न रहे। इस तैयारी से उम्मीद है कि कुरुक्षेत्र में होने वाला प्रदेश स्तरीय समारोह हरियाणा की प्रगति और उसकी सांस्कृतिक पहचान का सजीव प्रदर्शन बनेगा।
