Viksit Haryana

हरियाणा की ताज़ा खबरें, सरकारी योजनाएँ और विकास की हर अपडेट

राजनीति

1 नवंबर को चंडीगढ़ आएंगे अमित शाह, पुलिस स्थापना दिवस समारोह में लेंगे परेड की सलामी

Spread the love

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एक नवंबर को चंडीगढ़ के दौरे पर आएंगे। इस दौरान वे चंडीगढ़ पुलिस के स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। प्रशासन ने इस प्रस्तावित दौरे की तैयारियां तेज कर दी हैं और सुरक्षा एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं। चंडीगढ़ पुलिस के लिए यह दिन विशेष महत्व रखता है, क्योंकि एक नवंबर 1966 को चंडीगढ़ के केंद्र शासित प्रदेश बनने के साथ ही पुलिस का पुनर्गठन हुआ था।

कार्यक्रम के अनुसार गृह मंत्री सेक्टर 26 स्थित पुलिस लाइंस में पुलिस स्थापना दिवस समारोह में भाग लेंगे। इसके बाद वे सेक्टर 17 स्थित तिरंगा पार्क में आयोजित भव्य समारोह में शामिल होंगे, जहां वे परेड की सलामी लेंगे। इसी स्थल पर एक जनसभा का भी आयोजन होगा, जिसे गृह मंत्री संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास भी शामिल हैं।

तिरंगा पार्क में होने वाले समारोह के लिए फूलों की सजावट, मंच निर्माण, स्वच्छता, बिजली, बैठने की व्यवस्था और आगंतुकों के प्रवेश-निकास की तैयारियों की समीक्षा की जा रही है। अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। सुरक्षा एजेंसियां मार्गों, यातायात प्रबंधन और पार्किंग की व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर रही हैं। भीड़ और वीवीआईपी मूवमेंट को ध्यान में रखकर मार्गों का निरीक्षण किया जा रहा है।

प्रशासन को उम्मीद है कि गृह मंत्री इस अवसर पर चंडीगढ़ के निवासियों के लिए कोई महत्वपूर्ण घोषणा भी कर सकते हैं। पुनर्वास कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को मालिकाना हक देने का प्रस्ताव पहले ही केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेजा जा चुका है। स्थानीय उद्योगपतियों से जुड़े कई मामले भी मंत्रालय के पास लंबित हैं। गृह मंत्री के दौरे को चंडीगढ़ पुलिस और शहर के विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *